हिंदी खबर के पत्रकारों की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं, संयुक्त प्रेस क्लब ने भरी हुंकार
अतुल अग्रवाल समेत पत्रकारों की हिरासत पर एटा में आक्रोश, प्रधानमंत्री को ज्ञापन देकर सीबीआई जांच की मांग; न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी
एटा, 12 अक्टूबर। कलम की ताकत को हिरासत के डर से नहीं दबाया जा सकता और जनहित की आवाज को खामोश करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी संदेश के साथ सोमवार को संयुक्त प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हिंदी खबर न्यूज़ चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल, संपादक सौरभ उपाध्याय और महिला पत्रकार सुदेश नैन मोर सहित पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में आवाज बुलंद की। पत्रकारों ने धरना स्थल पर एकत्र होकर विरोध जताया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा।संयुक्त प्रेस क्लब ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित साजिश की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की। पत्रकारों ने प्रधानमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप कर अतुल अग्रवाल समेत संबंधित पत्रकारों की सम्मानपूर्वक रिहाई सुनिश्चित कराने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि पत्रकारों के उत्पीड़न और स्वतंत्र पत्रकारिता पर प्रहार के मामलों में चुप नहीं बैठा जाएगा।
नशे के कारोबार पर खबरें, फिर हिरासत: सीबीआई जांच की मांग
पत्रकारों के अनुसार, नशे के कथित अवैध कारोबार से जुड़े समाचार प्रसारित किए जाने के बाद पुलिस कार्रवाई का मामला सामने आया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनहित के मुद्दे उठाने वाले पत्रकारों को भय और दबाव के माहौल में काम करना पड़ेगा? क्लब ने हिरासत के कारणों और संबंधित कानूनी प्रावधानों को सार्वजनिक करने तथा दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
चौथे स्तंभ की आवाज दबाने वालों पर कार्रवाई हो
पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता केवल खबर दिखाने का माध्यम नहीं, बल्कि आम जनता की आवाज और जवाबदेही का महत्वपूर्ण आधार है। यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं होंगे, तो जनहित के सवाल कौन उठाएगा? मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
इस दौरान संयुक्त प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष सुनील मिश्रा, प्रदेश महामंत्री प्रमोद लोधी, उपाध्यक्ष मदन गोपाल शर्मा, संगठन मंत्री संदीप शर्मा, सह संगठन मंत्री वैभव वार्ष्णेय, सचिन मोहसिन मलिक, वरिष्ठ पत्रकार राकेश भदौरिया, वरिष्ठ पत्रकार बिशनपाल सिंह चौहान, दिनेश शर्मा, रामप्रसाद माथुर, राज वर्मा, अक्षत मिश्रा, हर्ष द्विवेदी, फिरोज खान, प्रतीक सक्सैना और सोनू माथुर सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।














