*अलीगंज में चोरों का आतंक: एक रात में तीन दुकानें खंगालीं, पुलिस के सामने फिर चुनौती!*
**छत का जाल काटकर पाइप से उतरे चोर, गुल्लक तोड़कर नकदी-सामान उड़ाया; CCTV में मुंह ढके दो संदिग्ध कैद**
**24 फरवरी की चोरी का अब तक खुलासा नहीं, उसी तर्ज पर फिर वारदात; बाईपास के व्यापारियों में दहशत, पुलिस-डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने खंगाला घटनास्थल**
**अलीगंज।** अलीगंज बाईपास के भरापुरा तिराहे पर चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस के सामने फिर चुनौती खड़ी कर दी। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि छत का जाल काटा, पाइप के सहारे दुकानों में उतरे और गुल्लकों के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी व सामान लेकर निकल गए। वारदात के बाद सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो चोरी का पता चला। सबसे गंभीर बात यह है कि इसी तिराहे पर 24 फरवरी को भी तीनों व्यापारियों की दुकानों में इसी तरह चोरी हुई थी, लेकिन व्यापारियों के मुताबिक उस घटना का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। पुरानी वारदात का राज नहीं खुला और चोरों ने दोबारा उसी जगह धावा बोल दिया। दुकानों के CCTV कैमरों में मुंह पर कपड़ा बांधे दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। सूचना पर क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस फुटेज खंगालने और साक्ष्य जुटाने में लगी है।
*एक ही रात में तीन दुकानों पर धावा, हजारों की नकदी साफ*
भरापुरा तिराहे पर स्थित नीरज ट्रेडर्स, बालाजी ट्रेडर्स और पवन ट्रेडर्स में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। छत का जाल काटकर अंदर घुसे चोरों ने गुल्लकों के ताले तोड़े और नकदी व सामान समेट लिया। अजय जैन की दुकान से 4 हजार रुपये नकद और कुछ सामान, बालाजी ट्रेडर्स के मालिक आलोक कुमार की दुकान से चार से पांच हजार रुपये तथा नीरज ट्रेडर्स के मालिक रौनक प्रताप की दुकान से तीन हजार रुपये चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
*फरवरी की चोरी अनसुलझी, चोरों ने फिर उसी जगह दी दस्तक*
नीरज ट्रेडर्स के मालिक रौनक प्रताप के मुताबिक, वह रात करीब 12 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह पहुंचे तो तीन दुकानों में चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को भी तीनों व्यापारियों की दुकानों में इसी तरह चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हुआ है। पुरानी घटना का खुलासा न होने के बीच दोबारा चोरी होने से व्यापारियों में नाराजगी और असुरक्षा का माहौल है।
*CCTV में दो संदिग्ध, पुलिस ने शुरू की छानबीन*
वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फुटेज में मुंह ढके दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर चोरी का खुलासा करने के लिए जांच की जा रही है।
जब इस संबंध में क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया तिजोरी में ज्यादा कैश नहीं था किसी से तीन हज़ार किसी से किसी से चार हज़ार किसी से ढाई हज़ार की चोरी हुई है
*व्यापारियों का सवाल—आखिर कब लगेगी चोरों पर लगाम?*
एक ही स्थान पर तीन दुकानों में दोबारा चोरी की घटना ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों के सामने अब केवल चोरी गए सामान और नकदी की भरपाई का सवाल नहीं, बल्कि दुकानों की सुरक्षा भी बड़ी चिंता है। फरवरी की वारदात का खुलासा न होने और फिर उसी अंदाज में चोरी होने से पुलिस की जांच पर निगाहें टिक गई हैं। अब देखना है कि CCTV में कैद संदिग्धों तक पुलिस कब पहुंचती है और पुरानी व नई वारदात के तार जुड़ते हैं या नहीं।














