“मेरे सपनों का भारत”: कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल में ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता संपन्न, 450 नौनिहालों ने कैनवास पर उकेरी अपनी कल्पनाएं
बरौली अहीर/आगरा । कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल, बरौली अहीर के प्रांगण में कला, सृजनात्मकता और देशप्रेम से सराबोर एक भव्य आयोजन देखने को मिला। यहाँ “मेरे सपनों का भारत” विषय पर आधारित ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें ब्लॉक के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों से आए लगभग 450 बच्चों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से एक विकसित, सुंदर और सशक्त भारत की तस्वीर को कागज़ पर उतारा।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण और विवरण: बच्चों का उत्साह और कला प्रदर्शन: प्रतियोगिता के दौरान छोटे-छोटे बच्चों का जोश देखते ही बनता था। उन्होंने अपनी तूलिका (ब्रश) और रंगों के जरिए भारत के प्रति अपने सपनों, संस्कृति और प्रगतिशील सोच को बहुत ही खूबसूरती से दर्शाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख उत्तम सिंह “काका” रहे। उन्होंने बच्चों की कला की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। मुख्य अतिथि ने विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी बच्चों को अपने हाथों से प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) देकर सम्मानित किया। ए.आर.पी. रानी चाहर ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस ब्लॉक स्तरीय महाकुंभ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 100 बच्चों का चयन किया जाएगा, जिन्हें आगामी जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) , बरौली अहीर,जगत सिंह राजपूत ने मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख का विशेष आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल की प्रधानाचार्य रूबीना ख़ानम, उप प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह चाहर और समस्त शिक्षण स्टाफ को इस विशाल आयोजन को सफलतापूपर्वक संपन्न कराने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं और धन्यवाद दिया।इस कार्यक्रम में ए आर पी उमेश जैन , ए आर पी अनिरुद्ध कुमार एवं ब्लॉक के प्रधानध्यापक मौजूद रहे ।
















