रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- दीपावली से पहले आगजनी से बचाव के लिए सीआईएसएफ ने कराया व्यावहारिक अभ्यास
शक्तिनगर (सोनभद्र)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रथम इकाई और सीआईएसएफ शक्तिनगर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को अग्निशमन सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीआईएसएफ के उप कमांडेंट अरविंद कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को आगजनी से बचाव के व्यावहारिक उपाय सिखाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट करुण दत्त ने कहा कि जागरूकता ही आगजनी की घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की और आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
इसके बाद सीआईएसएफ फायर विंग के इंस्पेक्टर अजीत आनंद एवं सब इंस्पेक्टर पवन मद्धेशिया ने अपनी टीम के साथ संयुक्त रूप से मॉकड्रिल और लाइव डिमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया। इसमें गैस सिलेंडर, शॉर्ट सर्किट और घरेलू स्तर पर लगने वाली आग पर त्वरित नियंत्रण पाने के तरीके दिखाए गए। छात्र-छात्राओं ने भी अग्निशमन उपकरणों को चलाने का सीधा अभ्यास किया।
परिसर प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि आए दिन होने वाले अग्नि हादसों से भारी जान-माल का नुकसान होता है, ऐसे में इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण युवाओं को आपदा के समय सजग और सक्षम बनाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटे लाल प्रसाद ने किया। इस अवसर पर डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय, डॉ. मानिक चंद पाण्डेय, डॉ. प्रभाकर लाल, प्रशांत कुमार विश्वकर्मा, डॉ. आनंद प्रिया सिंह, डॉ. ओम प्रकाश यादव, डॉ. रजनीकांत के साथ स्वयंसेवक नीरज, हिमांशु, आयशा, शाहीन, विवेक पाण्डेय, आंचल, उज्ज्वल और समीर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।















