रिपोर्ट -कार्यालय संवाददाता
*लखीमपुर खीरी / भीरा में तीन साल से लापता नाबालिग के पिता ने लगाई न्याय की गुहार, हत्या की जताई आशंका*
*लखीमपुर खीरी* थाना भीरा क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण और हत्या की आशंका को लेकर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित पिता का आरोप है कि आज से करीब तीन वर्ष पूर्व ग्राम राजपुर थाना भीरा निवासी युवक *दीपू मौर्य पुत्र सुरेश कुमार मौर्य* उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया था।
पिता ने बताया कि घटना के बाद गांव के ही श्याम बिहारी पुत्र सियाराम उनके घर आए थे। उन्होंने कहा था कि “जो हुआ सो हुआ, बात को खत्म करो, बच्चे अपनी मर्जी से गए हैं, मैं तुम्हारी बात तुम्हारी बेटी से करवा दूंगा।” पीड़ित का कहना है कि तीन साल बीत जाने के बाद भी न तो बेटी से बात कराई गई और न ही उसे घर वापस लाया गया।
पीड़ित के अनुसार कुछ दिन पूर्व आरोपी दीपू मौर्य अपने भाई की शादी में अपने घर राजपुर आया था, लेकिन वह नाबालिग को साथ नहीं लाया। बेटी के बारे में पूछने पर आरोपी ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने खुलेआम कहा कि “मैंने तो इस लड़की को मार दिया है, तुम क्या कर लोगे, हम तुम्हें भी मार देंगे।”
इस बयान के बाद से पिता को अपनी पुत्री की हत्या की गहरी आशंका है। पीड़ित ने इस पूरे मामले में दीपू मौर्य, उसके पिता सुरेश कुमार मौर्य, उसकी माता तथा मामले को दबाने का प्रयास करने वाले श्याम बिहारी की संलिप्तता का आरोप लगाया है।
पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी से मामले में एफआईआर दर्ज कर नाबालिग की बरामदगी और निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।












