जिला पूर्वपंचायत अध्यक्ष समेत कई पर मुकदमा, सांसद छोटेलाल खरवार के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
रिपोर्ट सत्यदेव पांडे बीएमएफ ब्यूरो चीफ सोनभद्र
चोपन/सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र में संचालित बालू खनन साइट पर हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने बालू साइट पर कार्यरत कर्मचारियों की तहरीर के आधार पर सपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव समेत तीन नामजद और दस से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हीरापुर,मिर्जापुर निवासी हर्षित मिश्रा और खैरटिया, ओबरा सोनभद्र निवासी राहुल ने शिकायत दर्ज कराई कि 12 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच अनिल यादव, राजेंद्र यादव और आकाश यादव अपने साथियों के साथ भगवा बालू साइट पर पहुंचे और वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया और मारपीट शुरू कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य कर्मचारियों के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इधर, मामले को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सपा सांसद छोटेलाल खरवार के नेतृत्व में नेताओं ने प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह को ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा एकतरफा कार्रवाई की जा रही है और निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है। सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि जिले में अवैध खनन की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व विधायक रमेश चंद्र दुबे और अविनाश कुशवाहा ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव और जय प्रकाश उर्फ चेखुर पाण्डेय ने भी प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी तहरीर पर अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है और खनन क्षेत्रों की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन कराने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने सभी पक्षों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर डॉ. केडी सिंह, सुनील कुमार गौड़, विवेक पटेल, गीता गौर, सुरेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







