रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- मंदिरों में गूंजे भजन-कीर्तन, देर रात तक चला धार्मिक आयोजनों का दौर, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
चोपन/सोनभद्र। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को चोपन नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा एवं उल्लास का माहौल रहा।भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के मंदिरों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। जन्माष्टमी के अवसर पर नगर के विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जगह-जगह अखंड हरिकीर्तन, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। नगर के थाना परिसर, अग्रवाल धर्मशाला, कैलाश मंदिर, काली मंदिर, गौरीशंकर मंदिर, शीतला माता मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर विशेष आयोजन किए गए।
मंदिरों में आकर्षक सजावट और विद्युत झालरों से की गई रोशनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। धार्मिक स्थलों पर भक्ति गीतों एवं कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय नजदीक आते ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की झांकी सजाई गई।श्रद्धालुओं ने बाल गोपाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और जन्मोत्सव के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। कई स्थानों पर बच्चों को श्रीकृष्ण के स्वरूप में सजाकर झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। घरों में भी श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की तथा व्रत रखकर आधी रात को भगवान के जन्म के बाद व्रत का पारण किया। वहीं, पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई। प्रमुख मंदिरों एवं आयोजन स्थलों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार निगरानी की गई। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती गई।















