*आगरा की 8 से अधिक सोसायटियों के बीच होगा क्रिकेट का महासंग्राम*
*6 सितंबर से शुरू होगा AISL 2026, 1 नवंबर तक चलेगा टूर्नामेंट*
आगरा। स्वर्गीय श्री बृजमोहन बंसल जी की स्नेहिल स्मृति को समर्पित एवं Dhoom Payal द्वारा प्रस्तुत Agra Inter Society League (AISL) 2026 — Season 1 की आधिकारिक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान लीग की अवधारणा, प्रारूप और आगरा की विभिन्न आवासीय सोसायटियों को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टूर्नामेंट की शुरुआत 6 सितंबर 2026 से होगी और इसका समापन 1 नवंबर 2026 को होगा। AISL के पहले सीजन में आगरा की प्रमुख सोसायटियों का प्रतिनिधित्व करने वाली 8 टीमें हिस्सा लेंगी — Anthela, Radha Rani Heights, Anthem, Tulsi Sky City, Aparna Prem, Aparna Panchsheel, IMHH और Ganpati Classique। टूर्नामेंट के लीग चरण में प्रत्येक टीम 6 लीग मुकाबले खेलेगी, जिसके बाद श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। Anthela Avatars के कप्तान गौरव शर्मा ने AISL की अवधारणा के बारे में बताते हुए कहा कि Agra Inter Society League केवल एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि शहर की विभिन्न आवासीय सोसायटियों को एक मंच पर लाने की पहल है। इसका उद्देश्य क्रिकेट के माध्यम से आपसी संवाद, भाईचारे, सामाजिक समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि AISL के माध्यम से अलग-अलग सोसायटियों के खिलाड़ी, उनके परिवार और निवासी एक-दूसरे से जुड़ रहे हैं। इससे क्रिकेट एक खेल से आगे बढ़कर सामाजिक जुड़ाव का माध्यम बन रहा है। Radha Rani Challengers के कप्तान आकाश सक्सेना ने बताया कि बेहद कम समय में AISL ने पूरे शहर में अपनी अलग पहचान बनाई है। एक छोटे से विचार के साथ शुरू हुई इस पहल के समर्थन में आज 15 से अधिक सोसायटियां खड़ी हैं। उन्होंने बताया कि AISL के माध्यम से करीब 2,000 फ्लैट्स और लगभग 5,000 से 7,000 लोगों तक सीधा जुड़ाव स्थापित किया गया है। इतने कम समय में शहर की विभिन्न प्रतिष्ठित सोसायटियों को एक विचार के साथ जोड़ना इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। आकाश सक्सेना ने विशेष रूप से बताया कि इस पूरे टूर्नामेंट में किसी भी सोसायटी अथवा प्रतिभागी से आयोजन के नाम पर कोई धनराशि नहीं ली गई है। आयोजन को सहयोग, सहभागिता और विभिन्न समर्थकों के योगदान से आगे बढ़ाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि AISL का लक्ष्य केवल क्रिकेट मुकाबले आयोजित करना नहीं, बल्कि आगरा की सोसायटियों को एक स्थायी मंच प्रदान करना है, जहां खेल के साथ-साथ सामाजिक संबंध और आपसी समन्वय भी मजबूत हो। प्रेस वार्ता में नवदीप पसरीचा, शशांक शेखर, कामेश जैन, राजवीर वर्मा, पंकज परवानी, अजय बुलानी, पुष्पराज नेगी, अंकित कौशिक, राहुल, शिवा द्विवेदी, चिराग और आकाश जैन सहित AISL से जुड़े अन्य सदस्य एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने AISL को आगरा की आवासीय सोसायटियों के बीच आपसी जुड़ाव, खेल भावना और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने वाली एक अनूठी पहल बताया।














