*किसान सम्मान दिवस-2026 के लिए कृषकों से आवेदन आमंत्रित*

———————————————
*30 सितम्बर 2026 तक जमा किए जा सकेंगे आवेदन एवं शुल्क*
*एटा, 01 सितम्बर 2026(सू0वि0)।* उप कृषि निदेशक सुमित कुमार ने बताया कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी (भूतपूर्व प्रधानमंत्री, भारत सरकार) के जन्मदिवस 23 दिसम्बर को “किसान सम्मान दिवस-2026” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए इच्छुक कृषकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक कृषक उप कृषि निदेशक कार्यालय से आवेदन प्रारूप प्राप्त कर ₹10 प्रति कृषक शुल्क जमा कर पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त शुल्क को संबंधित लेखा शीर्षक में जमा कर उसकी रसीद/चालान सहित आवेदन अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में जमा किया जा सकता है। कृषक आवेदन/चालान की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं।
किसान सम्मान दिवस-2026 के अंतर्गत खरीफ-2026 की धान (संकर प्रजाति को छोड़कर), मक्का, उर्द, अल्पकालीन अरहर एवं तिल फसलों तथा न्यूट्री सीरियल/उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो एवं सांवा फसलों के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में इस योजना के अंतर्गत पुरस्कृत कृषक पुनः प्रतियोगिता में प्रतिभाग नहीं कर सकेंगे। फसलोत्पादन श्रेणी के अंतर्गत अधिसूचित फसलों के लिए कृषक द्वारा बोया गया क्षेत्रफल न्यूनतम एक एकड़ होना आवश्यक है। इससे कम क्षेत्रफल होने पर कृषक प्रतियोगिता के लिए पात्र नहीं होंगे।
प्रतियोगिता एवं आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी कृषक अपने क्षेत्र के सहायक विकास अधिकारी (कृषि), टी.ए.सी., बी.टी.एम., ए.टी.एम. अथवा किसी भी कार्य दिवस में उप कृषि निदेशक कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।













