स्कूल के बगल के तालाब में मगरमच्छ, सता रहा पढ़ने वाले बच्चों पर हमले का डर।
बाह। खेडा राठौर के गुमानसिंह पुरा गांव में परिषदीय प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित तालाब में सोमवार को मगरमच्छ दिखने से दहशत फैल गई है। सोशल मीडिया पर तालाब में विचरण करते मगरमच्छ का वीडियो वायरल हुआ है। 12 सेकेंड के वायरल वीडियो में विशालकाय मगरमच्छ तेजी से चलता हुआ दिख रहा है। वीडियो वायरल होने पर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों पर मगरमच्छ के हमले का डर अभिभावकों को सता रहा है। ग्राम प्रधान सत्यराम बघेल ने बताया कि स्कूल के बगल के तालाब में मगरमच्छ होने की सूचना वन विभाग को दी थी। वन विभाग की टीम गांव आई थी। लेकिन रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। जरूरत पड़ने पर तालाब से पानी खाली कराया जाएगा। बाह के रेंजर कुलदीप सहाय पंकज ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर गई थी। तालाब में पानी और कीचड़ होने की बजह से मगरमच्छ को रेस्क्यू नहीं किया जा सका। तालाब को खाली कराने के लिए ग्राम प्रधान से संपर्क साधा गया है। तालाब खाली होने के बाद ही मगरमच्छ को रेस्क्यू किया जा सकेगा।













