*जलेसर में 4 सितंबर को निकलेगी भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा*
_यादव मेला कमेटी की ओर से होगा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन, विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रसाद_
*तुर्रम सिंह राजपूत✍️*
जलेसर(एटा)। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर जलेसर नगर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण बनने लगा है। योगेश्वर श्रीकृष्ण भगवान जन्मोत्सव यादव मेला कमेटी, जलेसर की ओर से आगामी शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर नगरवासियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
आयोजकों के अनुसार जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर सुबह 8 से 9 बजे तक हवन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे तक स्वागत समारोह होगा। दोपहर 11:30 बजे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा का शुभारंभ किया जाएगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी।
शोभायात्रा राधा-कृष्ण धर्मकांटा, युवान पैलेस से प्रारंभ होकर बड़े बाजार, नाला बाजार एवं घंटाघर होते हुए निधौली चौराहा पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकियां, धार्मिक स्वरूप एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजन के दौरान सब्जी मंडी जलेसर में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजकों ने नगरवासियों एवं ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालुओं से परिवार और इष्ट-मित्रों सहित शामिल होकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शोभा बढ़ाने तथा धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर जलेसर में होने वाला यह आयोजन धर्म, भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला होगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शोभायात्रा एवं धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया है।
*उल्लेखनीय* है कि 2026 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का प्रमुख पर्व 4 सितंबर, शुक्रवार को मनाया जा रहा है।













