*ताजमहल पर लपकों का खेल नहीं चलेगा पर्यटन पुलिस ने कसा शिकंजा*
आगरा। ताजमहल समेत शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को परेशान करने वाले कथित लपकों के खिलाफ पर्यटन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अभियान चलाकर पुलिस ने 9 लपकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पर्यटन स्थलों के आसपास सक्रिय अन्य लोगों में भी खलबली मच गई है। आगरा में रोजाना बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक स्मारकों का दीदार करने पहुंचते हैं। पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पर्यटन स्थलों के आसपास कई लोग सक्रिय रहते हैं। आरोप है कि ये लोग पर्यटकों से संपर्क कर उन्हें गाइड, होटल, टैक्सी और अन्य पर्यटन सेवाएं उपलब्ध कराने के नाम पर अपने साथ ले जाने का प्रयास करते हैं। कई बार पर्यटकों को घेरकर अपनी सेवाएं लेने के लिए दबाव बनाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन पुलिस लगातार पर्यटन क्षेत्रों में निगरानी और चेकिंग अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की और नियमों का उल्लंघन करने वाले 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नगर के नेतृत्व में की गई। अभियान में थाना पर्यटन प्रभारी पूनम त्यागी, एसआई मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल ज्ञानेंद्र बाबू, आरसी सचिन कुमार और आरसी अतिश टीम-1 में शामिल रहे। वहीं टीम-2 में एसआई रवि कुमार, आरसी प्रिंस और आरसी केशव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। दोनों टीमों ने पर्यटन क्षेत्रों में अभियान चलाकर पर्यटकों के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।पर्यटन पुलिस की इस कार्रवाई से ताजमहल और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में सक्रिय लपकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का उद्देश्य आगरा आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को परेशान करने, जबरन किसी सेवा को लेने के लिए दबाव बनाने अथवा पर्यटन व्यवस्था में अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पर्यटन पुलिस की इस कार्रवाई को आगरा की पर्यटन व्यवस्था को व्यवस्थित करने और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













