*योगी सरकार का बड़ा तोहफा, आगरा में 5415 रसोइयों का मानदेय बढ़ा, मिला 5 लाख का कैशलेस हेल्थ कार्ड*
*- मिड-डे मील पकाने वाली रसोइयों को अब 2,000 की जगह हर महीने मिलेंगे 3,000 रुपये*
*- मानदेय बढ़ने और स्वास्थ्य सुरक्षा मिलने पर महिला रसोइयों ने जताया सीएम योगी का आभार*
*आगरा, 23 अगस्त।* उत्तर प्रदेश की संवेदनशील योगी सरकार ने जनपद के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पीएम पोषण (मिड-डे मील) योजना के तहत बच्चों का खाना बनाने वाले कुल 5415 रसोइयों को रविवार के दिन एक बहुत बड़ी सौगात दी है। जिला प्रशासन की ओर से होली पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य समारोह में ‘मुख्यमंत्री रसोइया कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शानदार शुभारंभ किया गया। इस विशेष अवसर पर लखनऊ से माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा रसोइयों का सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों और रसोइयों ने पूरे उत्साह के साथ देखा व सुना। समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने मंच से रसोइयों को मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक और 5 लाख रुपये का कैशलेस हेल्थ कार्ड सौंपकर ससम्मान सम्मानित किया।
योगी सरकार ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मिड-डे-मील पकाने वाले रसोइयों का मानदेय 1,000 रुपये प्रति माह बढ़ा दिया है, जिससे अब उन्हें 2,000 रुपये के स्थान पर 3,000 रुपये हर माह मिलेंगे। इसके साथ ही सरकार ने रसोइयों के स्वास्थ्य, आर्थिक सुदृढ़ीकरण एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए 5 लाख रुपये के मुफ्त कैशलेस इलाज, यूनिफॉर्म के लिए 500 रुपये तथा ग्लव्स हेतु 400 रुपये अतिरिक्त देने का बड़ा फैसला किया है।
*निम्न आय वर्ग के उत्थान और कल्याण के लिए काम कर रही डबल इंजन सरकार*
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार लगातार निम्न आय वर्ग के उत्थान और कल्याण के लिए काम कर रही है। डबल इंजन सरकार ने 5 लाख रुपये के कैशलेस इलाज और बीमा से रसोइयों की सबसे बड़ी चिंता दूर कर दी है। यह उनके स्वास्थ्य और सम्मान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
*मुख्यमंत्री योगी जी ने समझा हमारा दर्द*
इस घोषणा से आगरा के रसोइयों में हर्ष की लहर है। मानदेय बढ़ने और स्वास्थ्य सुरक्षा मिलने पर आगरा जिले के विद्यालयों की रसोइयों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद व्यक्त किया। प्राथमिक विद्यालय नगला डिठवार की रसोइया आशा देवी ने खुशी जताते हुए कहा कि बढ़े हुए मानदेय और 5 लाख के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने से हमें बहुत बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री योगी जी ने हमारी मेहनत और जरूरतों को समझा है, जिसके लिए हम उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
प्राथमिक विद्यालय भीतरी की रसोइया धन देवी ने कहा कि हम गरीब रसोइयों के लिए हर महीने 1,000 रुपये की यह अतिरिक्त राशि बहुत मायने रखती है। इससे बच्चों की पढ़ाई और घर की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना आसान हो जाएगा। योगी सरकार ने रसोइयों के हित में बहुत सराहनीय काम किया है। वहीं रसोइया गायत्री देवी ने कहा कि 1,000 रुपये मानदेय बढ़ने से अब रसोई और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में आसानी होगी। योगी सरकार ने हम गरीब रसोइयों के सम्मान और स्वास्थ्य की चिंता की है। हम सभी रसोइया बहनें मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करती हैं।
कार्यक्रम में उपायुक्त (स्वत: रोजगार) प्रेम चंद, खंड शिक्षा अधिकारी नगर सुमित कुमार, डीसी बालिका कुलदीप कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में रसोइया व विभागीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।
*रसोइयों को मिले ये लाभ:-*
* मानदेय 1000 रुपये बढ़कर अब 3000 रुपये प्रतिमाह हुआ।
* वार्षिक साड़ी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये हुआ।
* गंभीर बीमारी के लिए 5 लाख का मुफ्त कैशलेस इलाज।
* दुर्घटना या अनहोनी पर परिवार को 2 लाख का बीमा।
* स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा से रसोइयों की चिंता हुई दूर।












