*आगरा जलेसर रोड को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए भाजपा नेता सीटू चौहान 21 अगस्त से शुरू करेंगे ‘गड्ढा भरो अभियान’, मुढ़ी चौराहे पर क्षेत्रीय लोगों के साथ की बैठक*
एत्मादपुर :आगरा जलेसर रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने और आगामी त्योहारों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सीटू चौहान ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुढ़ी चौराहे पर स्थित गोपाल सिंह इंटर कॉलेज में क्षेत्रीय लोगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों संभ्रांत लोग मौजूद रहे।बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सीटू चौहान ने घोषणा की कि आगामी 21 अगस्त से आगरा जलेसर रोड पर व्यापक स्तर पर ‘गड्ढा भरो अभियान’ शुरू किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क के सभी जानलेवा गड्ढों को भरकर इसे पूरी तरह से सुरक्षित और गड्ढा मुक्त बनाना है। सीटू चौहान के इस जनहितैषी फैसले का बैठक में मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों ने हाथ उठाकर पुरजोर समर्थन किया।सीटू चौहान ने कहा, “इसी महीने भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व आ रहा है। इस दौरान इस मुख्य मार्ग से लाखों की संख्या में राहगीर, बहनें और परिवार गुजरेंगे। सड़क खराब होने के कारण कोई अप्रिय घटना या दुर्घटना न हो, इसलिए त्योहार से पहले ही इस रोड के सभी गड्ढों को भरकर इसे गड्ढा मुक्त किया जाएगा।”अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा नेता ने क्षेत्रीय जनता से सहयोग का आवाहन किया है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जिन भाइयों के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली है, वे अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ और जिनके पास पानी के टैंकर हैं, वे पानी के टैंकर के साथ इस सेवा कार्य में अपना योगदान दें। सामूहिक प्रयासों से ही इस मार्ग को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाया जा सकता है।बैठक में उपस्थित लोगों ने सीटू चौहान की इस अनूठी पहल की सराहना की और अभियान में तन-मन-धन से जुटने का संकल्प लिया।इस दौरान मुकेश चौहान, विष्णु चौहान,मुकुट चौधरी, रूपेंद्र प्रधान, महेश शर्मा, भीम बघेल, कुशल पाल चौधरी, रुपेश चौधरी, रिंकल यादव, गजेंद्र चौहान, धर्मवीर प्रजापति, दलबीर सिंह, अजय वकील साहब, नवीन परमार, गज्जू चौहान, अभिषेक परमार, बसंत यादव, विकास पहलवान, एवं सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।













