*हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा*
आगरा। हर घर तिरंगा अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शहीद स्मारक एवं नगर निगम प्रांगण का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराया जाएगा तथा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें सहभागिता करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। साथ ही विभाजन के दौरान विस्थापित हुए परिवारों को सम्मानित कर उनके संघर्ष और योगदान को स्मरण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि “अपने घर तिरंगा लाएं और पूरे सम्मान के साथ फहराएं।” उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।








