*डॉ. आंबेडकर जयंती से पहले बदलेगी आगरा की दलित बस्तियों की सूरत* 
*- योगी सरकार ने दलित बस्तियों के व्यापक विकास कार्यों के लिए खोला खजाना*
*- लोहामंडी जोन में विकास की बयार, प्रकाश व्यवस्था से जगमग होगी भीम नगरी*
*आगरा, 10 अप्रैल।* डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में हर साल आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ‘भीम नगरी महोत्सव’ (15 से 17 अप्रैल) से पहले ताजनगरी की दलित बस्तियों की तस्वीर पूरी तरह से बदलने वाली है। योगी सरकार के निर्देशों पर आगरा नगर निगम द्वारा लोहा मंडी जोन के चार वार्डों की 12 दलित बस्तियों में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों से लोहामंडी जोन के ग्यास पुरा, आजम पाड़ा, नमक की मंडी, प्रकाश नगर, राम नगर सहित कई क्षेत्रों के निवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
*56 विकास कार्यों पर खर्च होंगे 3.64 करोड़ रुपये*
योगी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए इन मलिन क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है। आगरा नगर निगम द्वारा लगभग 3,64,74,158 रुपये की लागत से 56 विकास निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से सड़कों का निर्माण, जल निकासी के लिए नालियों व सी.सी. सड़क का निर्माण और साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग के कार्य शामिल हैं। ग्यास पुरा, आजम पाड़ा और नमक की मंडी जैसे क्षेत्रों में डॉ. आंबेडकर भवन, महामाया बुद्ध विहार और पार्कों का निर्माण, जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। साथ ही पेयजल संकट दूर करने के लिए विभिन्न पार्कों और बस्तियों की गलियों में सबमर्सिबल पंप भी लगाए जा रहे हैं।
*दूधिया रोशनी से जगमगाएगा पूरा आयोजन क्षेत्र*
भीम नगरी महोत्सव में शामिल होने वाले लाखों आंबेडकर अनुयायियों की सुविधा के लिए नगर निगम प्रकाश व्यवस्था को भी हाईटेक बना रही है। आयोजन क्षेत्र को रोशन करने के लिए 55,87,610 रुपये का विशेष बजट व्यय किया जाएगा। इसके तहत पूरे क्षेत्र में साढ़े तीन सौ से अधिक लाइटें और पोल लगाए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत 22 मिनी मास्ट, 95 आधुनिक लाइटें और 95 पोल लाइट लगाना प्रस्तावित है। नगर निगम ने आयोजन से पूर्व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए पोल स्थापित करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।
*मिशन मोड में चल रहा निर्माण और सौंदर्यीकरण*
लोहा मंडी जोन के ग्यास पुरा, मलका चबूतरा, प्रेम नगर, राम नगर, जगजीवन नगर और शाहगंज आदि क्षेत्रों में विकास कार्य मिशन मोड में चल रहे हैं। पार्कों में बाउंड्री वॉल, स्टील ग्रिल, गेट निर्माण, पंचायती भवनों के सौंदर्यीकरण और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण से इन बस्तियों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार आएगा। विभिन्न वार्डों की लिंक गलियों में सीसी रोड और नालियों की मरम्मत का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है ताकि जलभराव की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो सके।
आगरा नगर निगम के प्रभारी मुख्य अभियंता (सिविल) अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सभी 12 बस्तियों में नागरिक व निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कराए जा रहे हैं। डॉ. आंबेडकर जयंती से पूर्व सड़कों, नालियों और भवनों का काम पूरा कर लिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों और महोत्सव में आने वाले अनुयायियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
वहीं मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने प्रकाश व्यवस्था पर जानकारी देते हुए कहा कि भीम नगरी महोत्सव के लिए प्रकाश व्यवस्था की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। साढ़े तीन सौ से अधिक लाइटें लगाने का काम शुरू हो चुका है। हमने संबंधित कर्मचारियों को रोजाना समीक्षा और मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए हैं ताकि आयोजन के दौरान आंबेडकर अनुयायियों को पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा मिल सके।







