SSB जवानों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से माहौल हुआ देशभक्तिमय

* हर घर तिरंगा अभियान से गूंजा बेलापरसुआ*

*SSB जवानों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से माहौल हुआ देशभक्तिमय*

 

लखीमपुर खीरी।

खास रिपोर्ट पप्पू सिंह की

 

देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तृतीय वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, लखीमपुर खीरी के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत ‘A’ कंपनी बेलापरसुआ एवं सीमा चौकी गोलभुजी के कार्यक्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा और सामूहिक ‘वंदे मातरम’ गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम कमांडेंट श्री प्रमोद देवरानी के मार्गदर्शन एवं सहायक कमांडेंट श्री सात्विक प्रवर की निगरानी में संपन्न हुआ। तिरंगा यात्रा में SSB के बहादुर जवानों के साथ स्थानीय नागरिकों, विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

सरस्वती शिशु मंदिर में गूंजा ‘वंदे मातरम’

कार्यक्रम के दौरान सरस्वती शिशु मंदिर, बेलापरसुआ में SSB जवानों, प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर सहायक कमांडेंट श्री सात्विक प्रवर ने उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करते हुए अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में SSB की ओर से निरीक्षक सुभाष कुमार, सहायक उप-निरीक्षक आनंद बल्लभ, सूरजया डोले, मुख्य आरक्षी कपिल पाठक, राहुल, अर्जुन सहित अन्य जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

🇮🇳 तिरंगा हमारी आन, बान और शान

कार्यक्रम के समापन पर जवानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में संदेश दिया कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, जिसका सम्मान सदैव सर्वोपरि रहेगा।

Leave a Comment