*बल्केश्वर महादेव मेले का भव्य उद्घाटन, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा क्षेत्र*
*सावन के दूसरे सोमवार को उमड़ेगा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालु करेंगे बल्केश्वर महादेव की परिक्रमा*
आगरा। सावन के दूसरे सोमवार को बल्केश्वर क्षेत्र में लगने वाले प्रसिद्ध बल्केश्वर महादेव मेले का रविवार को बल्केश्वर चौराहे पर विधिविधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य उद्घाटन किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग, मुख्य संरक्षक पूर्व पार्षद डॉ. कुंदिका शर्मा और ताराचंद मित्तल ‘तोतीभाई’ ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चारण और भोले बाबा के जयकारों के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि बल्केश्वर महादेव मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि आगरा की वर्षों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। सावन में भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मेला संयोजक समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल ‘पेंट’, पार्षद हरिओम गोयल, पार्षद पूजा गिर्राज बंसल ने बताया कि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए समिति की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक चिकित्सा केंद्र बनाया गया है, जहां सरकारी चिकित्सक और आवश्यक दवाइयां 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। यमुना में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तट पर बैरिकेडिंग कराई गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी के मुख्य तट से करीब 20 फीट पहले ट्यूबवेल के माध्यम से स्नान की विशेष व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष महेश निषाद एवं कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप वाल्मीकि ने बताया कि बल्केश्वर महादेव मंदिर से लेकर वाटरवर्क्स चौराहे तक खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है। पूरे परिक्रमा मार्ग में पेयजल की व्यवस्था रहेगी। सोमवार को परिक्रमा पूरी करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सैकड़ों स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। स्वयंसेवक पुलिस प्रशासन के सहयोगी के रूप में पूरे मेला क्षेत्र और परिक्रमा मार्ग में व्यवस्थाओं को संभालेंगे। संचालन रमन अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर महिला अध्यक्ष ममता सिंघल, महामंत्री संजय श्रीवास्तव, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, निखिल गोयल, हरिओम गोयल, विमल गुप्ता, अनुरंजन सिंघल, पोला भाई, राममोहन शर्मा, स्पर्श जैन, बृजेश वर्मा, डॉ कृष्ण कुमार ‘गुड्डू’, रोहित कात्याल, इंदर डावर, कुमकुम उपाध्याय, डॉ. महेश फौजदार, मंजीत सिंह, आदि मौजूद रहे।









