*
*डीएम अरविन्द सिंह के निरंतर निरीक्षण से कांवड़ मार्गों पर व्यवस्थाएं सुदृढ़, श्रद्धालुओं की सेवा में आगे आ रहे सामाजिक संगठन*
एटा ! पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह स्वयं कांवड़ मार्गों एवं शिविरों का लगातार निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध रहें।
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन तथा आमजन,सामाजिक संगठनों एवं प्रशासन के सहयोग से जनपद में विभिन्न स्थानों पर कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में श्रद्धालुओं के प्रति पूर्ण श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ प्रसाद एवं भोजन वितरण, पेयजल तथा विश्राम आदि की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बड़ी संख्या में सामाजिक संगठन, शिक्षक, व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक स्वेच्छा से कांवड़ यात्रियों की सेवा में योगदान दे रहे हैं।
इसी क्रम में आज प्राथमिक शिक्षक संघ, एटा द्वारा कासगंज रोड पर रेलवे अंडरपास के निकट कांवड़ सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए सेवा भाव से प्रसाद एवं खान-पान की व्यवस्था की गई तथा उनके विश्राम आदि के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कांवड़ यात्रियों की सेवा में जुटे शिक्षकों एवं अन्य सहयोगियों द्वारा किए जा रहे इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए प्रशासन की ओर से जनसहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया, इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग, सद्भाव एवं सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। जनपदवासियों द्वारा जिस उत्साह एवं सेवा भावना के साथ कांवड़ यात्रियों की सहायता की जा रही है, वह सराहनीय है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनपद से होकर गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़ यात्री को सुरक्षित, सुगम एवं सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।
उन्होंने बताया कि जनपद में प्रमुख शिवालयों एवं कांवड़ मार्गों पर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। संबंधित विभागों को स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा, यातायात, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।
जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों की सेवा में लगे सभी सामाजिक संगठनों, शिक्षक संघों, स्वयंसेवकों एवं जनपदवासियों का आभार व्यक्त करते हुए अपील की है कि इसी प्रकार आपसी सहयोग, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में अपनी महती भूमिका निभाएं।









