संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में निकली कलश यात्रा का चोपन मंडल में हुआ भव्य स्वागत

रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)

चोपन/सोनभद्र। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में काशी से चलकर जनपद सोनभद्र पहुंची पवित्र कलश वंदन यात्रा का चोपन मंडल के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान संत रविदास जी के जीवन, उनके विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।बताया गया कि इस वर्ष गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर संत रविदास जी की जन्मभूमि काशी में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया था। इसके उपरांत वाराणसी स्थित रविदास पार्क में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में वृहद कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान इन पवित्र कलशों को प्रदेश के सभी जनपदों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया था। इसी क्रम में कलश वंदन यात्रा सोनभद्र जनपद के चोपन मंडल पहुंची, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का उद्देश्य दलित बस्तियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर संत रविदास जी के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाओं, उनके विचारों और सामाजिक योगदान की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है, ताकि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में जागरूकता, समानता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया जा सके। चोपन गांव में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार ने पवित्र कलश का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास जी के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के विकास में सभी वर्गों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। इस मौके पर कलश वंदन यात्रा के जिला संयोजक बृजेश पांडेय, मंडल अध्यक्ष संजय केसरी, लवकुश भारती, हिमांशु प्रियदर्शी, धर्मेंद्र जायसवाल, धर्मशिला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment