*जैव प्रौद्योगिकी विभाग में नव प्रवेशित छात्रों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम संपन्न*
आगरा कॉलेज, आगरा के जैव प्रौद्योगिकी विभाग में सत्र 2026-27 में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ कॉलेज के मुख्य प्रॉक्टर प्रो. वी.के. सिंह डॉ. संध्या यादव तथा विभाग प्रभारी डॉ. श्याम गोविंद द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। डॉ. नीता रानी ने सरस्वती वंदन किया जिससे वातावरण ज्ञान और सकारात्मकता से भर गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. यशस्विता चौहान ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं नव प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या अग्रवाल ने आगरा कॉलेज के 200 वर्षों से अधिक के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. ए. के. उपाध्याय ने जैव प्रौद्योगिकी विभाग की उपलब्धियों और विभाग के योगदान की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. दिव्या अग्रवाल ने जैव प्रौद्योगिकी के पाठ्यक्रम, व्यावहारिक उपयोगिता एवं भविष्य में रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जैव प्रौद्योगिकी आज चिकित्सा, कृषि, पर्यावरण एवं उद्योग के क्षेत्र में किस प्रकार क्रांति ला रही है। डॉ. नीता रानी अग्रवाल ने प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रो. के. सी. मेहता के शोध कार्यों एवं उनके द्वारा पादप रोग विज्ञान के क्षेत्र में दिए गए योगदान के बारे में छात्रों को जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायक बनाने के लिए द्वितीय वर्ष के मेधावी छात्रों प्रदीप, कुशाल, अनिकेत एवं नमन ने अपने शैक्षणिक एवं प्रयोगशाला अनुभव नव प्रवेशित विद्यार्थियों के साथ साझा किए। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रशांत पचौरी ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभाग के सभी प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम अनुशासन एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।









