*सिंधी समाज मंदिर की जर्जर दीवार की मरम्मत को लेकर मंडलायुक्त श्री नगेंद्र प्रताप सिंह से मिले प्रतिनिधिमंडल*
आगरा, ताजगंज स्थित प्राचीन सिंधी समाज मंदिर की जर्जर एवं अत्यंत गंभीर स्थिति में पहुंच चुकी दीवार की तत्काल मरम्मत को लेकर सिंधी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने आगरा मंडल के मंडलायुक्त श्री नगेंद्र प्रताप सिंह जी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर की दीवार की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए शीघ्र मरम्मत की अनुमति प्रदान किए जाने की मांग की,प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह प्राचीन मंदिर सिंधी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, मंदिर के पीछे स्थित दीवार में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं और इसकी स्थिति बेहद जर्जर हो गई है। दीवार कभी भी गिर सकती है। आसपास आवासीय क्षेत्र होने के कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित स्थानीय नागरिकों का आवागमन रहता है, जिससे किसी भी समय जनहानि की आशंका बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि मंदिर समिति की ओर से किसी नए निर्माण अथवा विस्तार की मांग नहीं की जा रही है, बल्कि जर्जर दीवार की आवश्यक मरम्मत कराकर संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए तत्काल अनुमति मांगी गई है। मंडलायुक्त श्री नगेंद्र प्रताप सिंह जी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि आवश्यक आदेश शीघ्र जारी कराकर मरम्मत की अनुमति प्रदान की जाएगी। ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को समय रहते रोका जा सके, प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त के त्वरित संज्ञान एवं सकारात्मक आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल में शंकरलाल आसवानी, श्याम भोजवानी, प्रदीप दीवान, हरकिशन आडवानी, राजू दासवानी, राजेश जेठवानी एवं हर्ष दसवानी मौजूद रहे।









