सावन, कांवड़ यात्रा व चेहल्लुम को लेकर चोपन थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक संपन्न

रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)

चोपन (सोनभद्र)। सावन माह, कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना परिसर चोपन में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्राइम इंस्पेक्टर राजेश यादव ने की। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक आयोजकों, धर्मगुरुओं, पत्रकारों एवं नगर के संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान आगामी पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा एवं सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। क्राइम इंस्पेक्टर राजेश यादव ने कहा कि पुलिस प्रशासन सभी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने आयोजकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम के दौरान अनुशासन बनाए रखें, निर्धारित मार्गों का पालन करें तथा आपसी सौहार्द की परंपरा को मजबूत करें। बैठक में डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी, कस्बा प्रभारी मनोज सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा सभी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment