रियल टाइम मॉनीटरिंग, पारदर्शिता और बेहतर समन्वय से योजनाओं के क्रियान्वयन को मिलेगी गति : सीडीओ
एटा ! नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा विकसित ‘नीति तारा’ (NITI TARA) टूलकिट के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से गुरुवार को शताक्षी सभागार, विकास भवन में एक दिवसीय जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह मिश्र ने की। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर टूलकिट के संचालन एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण के दौरान नीति आयोग की सहयोगी संस्था EdCIL के प्रतिनिधि सौरभ वर्मा ने प्रतिभागियों को ‘नीति तारा’ टूलकिट के संचालन, उद्देश्य एवं उपयोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीति तारा एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफार्म है, जिसके माध्यम से संबंधित विभाग अपनी आईडी एवं पासवर्ड के जरिए विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट सीधे ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे तथा अन्य विभागों की प्रगति का भी अवलोकन कर सकेंगे। इससे योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से हो सकेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह मिश्र ने कहा कि इस डिजिटल प्लेटफार्म के लागू होने से सरकारी योजनाओं की रियल टाइम मॉनीटरिंग संभव होगी। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा कार्यों में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा कि डेटा आधारित रिपोर्टिंग के माध्यम से योजनाओं की प्रभावी समीक्षा कर त्वरित एवं सटीक निर्णय लिए जा सकेंगे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे टूलकिट का सही तरीके से उपयोग करें तथा निर्धारित समय के भीतर अपनी प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण में बताया गया कि नीति आयोग द्वारा यह टूलकिट आकांक्षी विकास खण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विकास खण्ड अवागढ़ एवं जैथरा के साथ-साथ जनपद स्तर पर भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत निगरानी एवं मूल्यांकन किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, उप कृषि निदेशक सुमित पटेल, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी राम प्रकाश, एलडीएम सौरभ वर्मा, अपर सांख्यिकी अधिकारी मुनीष कुमार, वरिष्ठ सहायक श्रवण कुमार, खण्ड विकास अधिकारी अवागढ़ पी.एस. आनन्द, खण्ड विकास अधिकारी जैथरा शिव शंकर, एबी फेलो अवागढ़ आराधना, एबी फेलो जैथरा अनुराधा सहित विभिन्न विभागों एवं विकास खण्डों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, एटा द्वारा किया गया।









