*जलेसर में अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, FIR दर्ज

*
*तुर्रम सिंह राजपूत✍️*
एटा/जलेसर, 10 अप्रैल 2026।
जनपद एटा के तहसील जलेसर क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपजिलाधिकारी सुश्री भावना विमल के नेतृत्व में राजस्व एवं प्रशासनिक टीम ने बीती रात छापेमारी कर लोडर, जेसीबी मशीनों, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित भारी मात्रा में खनित मिट्टी को जब्त कर लिया। साथ ही संबंधित वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
*रात के अंधेरे में की गई सटीक छापेमारी*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में तहसीलदार संदीप सिंह, नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल, लेखपाल एवं कानूनगो की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे जलेसर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में छापा मारा। टीम ने मौके पर पाया कि बिना किसी वैध अनुमति के सरकारी एवं निजी भूमि से मिट्टी का अवैध उत्खनन कर उसे जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से बाहर ले जाया जा रहा था।
*दो स्थानों से भारी मात्रा में उपकरण जब्त*
कार्रवाई के दौरान कोतवाली अवागढ़ क्षेत्र से एक जेसीबी मशीन तथा दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया। वहीं कोतवाली जलेसर क्षेत्र से एक लोडर जेसीबी एवं एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया गया। जब्त किए गए सभी वाहनों एवं मशीनों को संबंधित थानों में जमा करा दिया गया है।
*प्रशासन की सख्त चेतावनी*
उपजिलाधिकारी *सुश्री भावना विमल* ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तहसील जलेसर क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और बिना अनुमति खनन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नायब तहसीलदार *शाश्वत अग्रवाल* ने भी कार्रवाई को सफल बताते हुए कहा कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों को अब किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
*पर्यावरण एवं राजस्व को हो रहा नुकसान*
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अवैध मिट्टी खनन से न केवल सरकारी राजस्व की हानि होती है, बल्कि कृषि भूमि की उर्वरता प्रभावित होती है तथा नदियों और तालाबों के किनारों को भी नुकसान पहुंचता है। इसे गंभीर पर्यावरणीय समस्या मानते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को ऐसे मामलों में तत्काल FIR दर्ज कराने तथा दोषियों पर जुर्माना एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
*स्थानीय लोगों ने किया स्वागत*
जलेसर क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह अभियान चलाकर अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।







