WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

इनोवा ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, 65 वर्षीय अधेड़ की दर्दनाक मौत; अस्पताल में मचा कोहराम

रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)

चोपन (सोनभद्र)। जुगैल थाना क्षेत्र के अगोरी खास चौरा के समीप रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बाइक सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही एक इनोवा कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल अधेड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान श्रीधर यादव (65 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राम निहोर यादव, निवासी अगोरी खास चौरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने घरेलू कार्य से गांव से चोपन की ओर जा रहे थे, तभी यह दुखद हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त इनोवा वाहन को कब्जे में ले लिया। हालांकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है तथा पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत की सूचना मिलते ही सीएचसी चोपन में परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। श्रीधर यादव के निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सड़क दुर्घटनाएं अब केवल आंकड़ों का हिस्सा नहीं रहीं, बल्कि रोज किसी न किसी परिवार की खुशियां उजाड़ रही हैं। रॉन्ग साइड से वाहन चलाना और तेज रफ्तार जैसी लापरवाहियां सीधे-सीधे लोगों की जान ले रही हैं। यदि यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन किया जाए और ऐसे मामलों में दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो, तो अनेक निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकती है। प्रशासन को दुर्घटना संभावित मार्गों पर नियमित निगरानी, प्रभावी यातायात व्यवस्था और नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने की आवश्यकता है। सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही किसी परिवार से उसका सबसे अनमोल सदस्य छीन सकती है। इसलिए सुरक्षित यातायात केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment