हरदोई भाजपा को नरेश अग्रवाल का खुला संदेश,पीठ पीछे नहीं जिसे विरोध करना है खुलकर करे…
हरदोई में अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेता व पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने पार्टी के भीतर और बाहर दोनों मोर्चों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अब भाजपा में जिसे विरोध करना है, वह खुलकर विरोध करे और जिसे समर्थन देना है, वह खुलकर साथ आए। अग्रवाल ने कहा कि अपने पूरे राजनीतिक जीवन में वह विरोधियों का सामना करते आए हैं, लेकिन हर दौर में जनता ने उन्हें और उनके परिवार को भरपूर समर्थन दिया है।उन्होंने विपक्ष पर उनके खिलाफ भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि इसका असर जनता पर नहीं पड़ता। साथ ही उन्होंने साफ किया कि वह पूरे चुनाव के दौरान हरदोई में ही रहेंगे।
नरेश अग्रवाल ने हरदोई के विकास को लेकर विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को विकास दिखाई नहीं दे रहा होगा, लेकिन आम जनता सब देख रही है। उन्होंने बताया कि हरदोई नगरपालिका को 15 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि मिली है और शहर में नालों, पार्कों व अन्य विकास कार्यों पर जल्द काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि हरदोई के विकास और कानून व्यवस्था को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है और उनके स्तर से किसी भी अपराधी को कभी संरक्षण नहीं दिया गया।नरेश अग्रवाल ने दावा किया कि भाजपा सरकार में विकास को गति मिली है,जबकि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है।उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को चुस्त-दुरुस्त कानून व्यवस्था और विकासशील प्रदेश बनाने का श्रेय योगी मॉडल को जाता है, जिसकी चर्चा अब पूरे देश में हो रही है।
प्रेस वार्ता में नरेश अग्रवाल ने केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत अपनी विदेश नीति, रक्षा नीति और विकास कार्यक्रमों की बदौलत विश्व के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। उनका कहना था कि लंबे समय से युद्धरत देशों के बीच समझौता कराने में भारत की भूमिका ने देश की साख को वैश्विक स्तर पर और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के कारण जनता का भाजपा पर भरोसा लगातार बढ़ा है, जिसका असर चुनावी नतीजों में भी दिखाई दे रहा है।
विपक्षी दलों पर टिप्पणी करते हुए नरेश अग्रवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है, जिसका वह स्वागत करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम विपक्ष का एक सिपाही तो मैदान में आ गया है, जबकि बसपा का प्रत्याशी भी सामने आ जाए तो चुनावी तस्वीर और साफ हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि नितिन अग्रवाल ने अपने दायित्वों का पूरी मजबूती से निर्वहन किया है और हरदोई की सभी आठों विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामप्रकाश शुक्ला एडवोकेट भी मौजूद रहे।









