रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ-सोनभद्र)
- समाज कल्याण मंत्री संजीव कुमार गोंड समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने चोपन के शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों से किया संवाद, पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील
चोपन/सोनभद्र। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा के समर्थन में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में चोपन स्थित गुरुद्वारा इंटर कॉलेज एवं रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज में भाजपा नेताओं ने शिक्षकों और कर्मचारियों से संपर्क कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की।

अभियान में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री संजीव कुमार गोंड, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल तथा पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे। नेताओं ने शिक्षकों से संवाद कर चुनाव में उनकी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को समर्थन देने की अपील की।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, शिक्षकों की भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज नई पीढ़ी को दिशा देने के साथ देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव शिक्षकों के हितों और उनके प्रतिनिधित्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
भाजपा नेताओं के इस जनसंपर्क अभियान के दौरान शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संपर्क स्थापित कर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने का आग्रह किया गया।















