*शिकायतकर्ता से संवाद और स्थलीय सत्यापन के बाद ही हो शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण: जिलाधिकारी*
*संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीमें भेजकर कराई जांच, फीडबैक एवं फोटोग्राफ अनिवार्य*
एटा, 17 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु शनिवार को जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील अलीगंज में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल, दैनिक जनसुनवाई, संपूर्ण समाधान दिवस एवं थाना दिवस सहित किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायत का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संवाद कर फीडबैक प्राप्त करें तथा आवश्यकता के अनुसार स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें। निस्तारण के बाद कार्रवाई से संबंधित फोटोग्राफ भी अनिवार्य रूप से संलग्न किए जाएं। शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार न्याय एवं राहत उपलब्ध कराई जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर फीडबैक भी प्राप्त किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
तहसील अलीगंज में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 84 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। एटा सदर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक की अध्यक्षता में 27 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का निस्तारण हुआ। वहीं, जलेसर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विपिन वर्मा, उपजिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर, क्षेत्राधिकारी जलेसर राजेश सिंह, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला सूचना कार्यालय, एटा















