रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर में विचार गोष्ठी एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित
शक्तिनगर (सोनभद्र)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई-प्रथम के तत्वावधान में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने परिसर में श्रमदान किया तथा राष्ट्र जागरण और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
समारोह के अंतर्गत आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. अपर्णा त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्र सेवा से बढ़कर कोई साधना नहीं है। किसी भी समाज की वास्तविक समृद्धि वहां की सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और एकता पर निर्भर करती है। विशिष्ट वक्ता डॉ. आनंद प्रिया सिंह ने स्थापना दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के ध्येय को धरातल पर उतारने में युवाओं व स्वयंसेवकों की भूमिका सबसे अहम है।
मुख्य वक्ता एवं पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रभाकर लाल ने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि निस्वार्थ समाज सेवा ही जीवन में सफलता का मूल मंत्र है, जिसे हर परिस्थिति में आत्मसात किया जाना चाहिए। संस्था के प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने अपने संदेश में सभी स्वयंसेवकों और प्राध्यापकों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटे लाल प्रसाद ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अमित कुमार सिंह, पूनम, खुशबू, हिमांशु, सरस्वती, अंशु, मोती, मुस्कान और साधना सहित कई स्वयंसेवकों का सक्रिय योगदान रहा।















