*मुख्यमंत्री ने किया ‘कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग’ का लोकार्पण*
*मुख्यमंत्री ने नक्काशीदार स्तंभों के पास कैबिनेट मंत्री व अधिकारियों संग ली सेल्फी*
*- राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत 23.96 करोड़ से टीएफसी से पानीगांव तिराहे तक हुआ निर्माण*
*अयोध्या के सूर्य स्तंभों की तर्ज पर 84 भव्य नक्काशीदार ‘कान्हा भक्ति स्तंभों’ से सजाया गया मार्ग*
*मथुरा, 03 सितम्बर:* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन में नवनिर्मित और भव्य ‘कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग’ का गुरुवार को लोकार्पण किया। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत 23.96 करोड़ रुपये की लागत से यह महत्वाकांक्षी परियोजना पर्यटक सुविधा केंद्र से लेकर पानीगांव तिराहा तक विकसित की गई है। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने इस मार्ग पर गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण व अधिकारियों के साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने नगर निगम मथुरा-वृंदावन के सुंदरीकरण और इस निर्माण कार्य की सराहना की।
*84 ‘कान्हा भक्ति स्तंभों’ की नक्काशी का किया अवलोकन*
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में धर्म पथ और राम पथ पर बने सूर्य स्तंभों की तर्ज पर यहां स्थापित किए गए 84 ‘कान्हा भक्ति स्तंभ’ का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, लीलाओं और ब्रज की समृद्ध संस्कृति को दर्शाती इन स्तंभों की बारीक नक्काशी और मनमोहक कलाकृतियों को भी देखा। उन्होंने कहा कि इन स्तंभों से वृंदावन में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को अलौकिक और दिव्य अनुभूति मिलेगी, जो ब्रज की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ाएगी।
*स्मार्ट सुविधाओं और गुणवत्ता का सघन निरीक्षण*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केवल सौंदर्यीकरण ही नहीं, बल्कि मार्ग पर विकसित आधुनिक सुविधाओं का भी सघन निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना के तहत लगाई गई अत्याधुनिक और आकर्षक स्ट्रीट लाइटिंग, सुरक्षित फुटपाथ और सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम (जल निकासी व्यवस्था) की गुणवत्ता को परखा। सुविधाओं के बेहतरीन विकास और मानक के अनुरूप कार्य पूरा होने पर मुख्यमंत्री ने बधाई दी।
*श्रद्धालुओं को मिलेगा सुगम और जाम-मुक्त प्रवेश*
यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिहाज से यह नवविकसित मार्ग शहर के लिए बड़ी जीवनरेखा साबित होगा। यह मार्ग यमुना एक्सप्रेसवे लिंक रोड (कैलाश नगर) पर स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र को सीधे पानीगांव तिराहा से जोड़ता है। मुख्यमंत्री को बताया गया कि इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे बड़े त्योहारों के साथ ही वृंदावन में लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए वृंदावन के मुख्य क्षेत्रों में प्रवेश करना अब पहले से कहीं अधिक सुगम होगा।















