WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हादसा : आगरा से मसूरी जा रहे थार सवार तीन युवकों की मौत, दो घायल, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हादसा : आगरा से मसूरी जा रहे थार सवार तीन युवकों की मौत, दो घायल*

 

आगरा। मसूरी घूमने निकले आगरा के पांच दोस्तों का सफर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बदल गया। सहारनपुर जिले के नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके शीशे सड़क पर बिखर गए। इस दर्दनाक हादसे में आगरा के रहने वाले साहिल तिवारी (25), राहुल गौतम (25) और सक्षम (22) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक, पांचों दोस्त शनिवार रात करीब 9 बजे आगरा से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। थार कार हेमंत वर्मा चला रहा था। सफर के दौरान बाकी दोस्त कार में सवार थे। रविवार तड़के करीब 4 बजे उनकी गाड़ी नागल थाना क्षेत्र के बेलड़ा गोल चक्कर के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि इसी दौरान तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले कार डिवाइडर से टकराई और इसके बाद पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तड़के करीब चार बजे अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो थार सड़क पर पलटी हुई थी। वाहन के शीशे टूटकर सड़क पर बिखरे थे। हादसे के बाद कार में सवार कुछ लोग बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो युवक पुल के नीचे जा गिरे थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से ऊपर लाया गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से सहारनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल सचिन वर्मा ने घटना की भयावहता बताते हुए कहा कि वह हादसे के समय कार में सो रहे थे। उन्हें यह पता ही नहीं चला कि अचानक क्या हुआ। सचिन के मुताबिक, जब उनकी आंख खुली तो उन्होंने खुद को सड़क पर पड़ा पाया। बाद में उन्हें पता चला कि थार का एक्सीडेंट हो गया है। उन्होंने बताया कि पांचों दोस्त शनिवार रात आगरा से मसूरी के लिए निकले थे और कार हेमंत चला रहा था। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक आगरा के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले थे। साहिल तिवारी, उम्र करीब 25 वर्ष, भूड़ का बाग, शांतिनगर निवासी बताया गया है। सक्षम, करीब 22-26 वर्ष, शांतिनगर/कमला नगर क्षेत्र का निवासी था और सन फार्मा में कार्यरत था। राहुल गौतम, तेज नगर/टेढ़ी बगिया क्षेत्र से जुड़ा बताया गया है और वह सुभाष नगर स्थित डॉ. पंकज गुप्ता के यहां कार्यरत था। तीनों युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके घरों तक पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया। राहुल के पिता गोपाल सिंह ने बताया कि राहुल शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गाड़ी लेकर घर से निकला था। रात करीब आठ बजे उन्होंने फोन किया तो राहुल ने कहा था कि वह घर आ रहा है। कुछ देर बाद राहुल ने फोन कर बताया कि वह दोस्तों के साथ घूमने जा रहा है। पिता ने उसे घर लौटने के लिए कहा, लेकिन राहुल ने घूमने जाने की बात कही। रविवार सुबह करीब पांच बजे परिवार को हादसे की जानकारी मिली। कमला नगर में रहने वाले उनके भतीजे ने फोन कर बताया कि राहुल का एक्सीडेंट हो गया है। राहुल पांच भाई-बहनों में से एक था। उसकी मौत की खबर से परिवार पूरी तरह टूट गया।

सक्षम के पिता राजेंद्र गौतम ने बताया कि सक्षम दो बेटों में बड़ा था। शनिवार को ड्यूटी से घर लौटने के बाद उसने बताया था कि उसे तीन दिन की छुट्टी मिली है और वह मसूरी घूमने जा रहा है। शाम करीब सात बजे सक्षम दोस्तों के साथ घर से निकल गया। रविवार सुबह पुलिस की ओर से परिवार को फोन आया कि सक्षम अस्पताल में भर्ती है। परिजनों को उम्मीद थी कि उसे चोट लगी होगी और इलाज के बाद वह ठीक हो जाएगा। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि नागल थाना क्षेत्र में थार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आ रही है। हालांकि, वाहन अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुआ और दुर्घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इसका स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। तीन दोस्तों की मौत के बाद आगरा के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं दो घायल युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है।

Leave a Comment