प्रियांशु सेन की खास रिपोर्ट):
चित्रकुट: प्रभु श्री राम की पावन तपोभूमि चित्रकूट स्थित राघव प्रयाग घाट पर 13 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले भव्य ‘अंतरराष्ट्रीय श्रीरामलीला उत्सव’ का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों ने उपस्थित होकर प्रभु श्री राम की अलौकिक लीलाओं का दर्शन किया।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का आदर्श जीवन व चरित्र संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणादायी और वैश्विक एकता का सशक्त प्रतीक है। उत्सव के उद्घाटन सत्र में सुदूर थाईलैंड से आए विदेशी कलाकारों की रामलीला प्रस्तुति मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। थाई कलाकारों द्वारा प्रस्तुत जीवंत और भावपूर्ण मंचन ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
भारतीय संस्कृति और रामायण परंपरा की वैश्विक लोकप्रियता को रेखांकित करते हुए, कार्यक्रम के दौरान थाईलैंड के इन प्रतिभाशाली कलाकारों को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। आगामी 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश की कई अन्य प्रतिष्ठित मंडलियां भी प्रभु की लीलाओं का मंचन करेंगी।














