कार्यभार संभालते ही एक्शन में डीएम मनीष बंसल, जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण से मची हलचल, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

कार्यभार संभालते ही एक्शन में डीएम मनीष बंसल, जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण से मची हलचल

अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, मरीज सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश-“तत्काल सुधार करें, मैं खुद आता रहूंगा”

 

आगरा। कार्यभार ग्रहण करने के महज 24 घंटे के भीतर ही जिलाधिकारी मनीष बंसल एक्शन मोड में नजर आए। प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए उन्होंने सुबह-सुबह जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बंसल ने ओपीडी सहित विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और वहां मौजूद व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर अस्पताल की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।

 

जांच के दौरान अस्पताल में अव्यवस्था, अफरातफरी और ओपीडी के बेतरतीब संचालन की स्थिति सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सीएमएस और अस्पताल मैनेजर से जवाब तलब किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी खामियों को तत्काल दूर किया जाए और किए गए सुधारों की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए।

 

मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में स्पष्ट और व्यवस्थित साइनेज लगाए जाएं। इनमें ओपीडी का समय, डॉक्टरों की उपलब्धता, विभिन्न रोगों के विभाग, वार्ड और कक्षों की जानकारी प्रमुख रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

इसके अलावा उन्होंने अस्पताल के सभी तलों पर स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीएमएस, अस्पताल मैनेजर और सीएमओ के समक्ष अव्यवस्थाओं पर गहरी नाराजगी जताई और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “तत्काल सुधार किया जाए। मैं लगातार निरीक्षण करता रहूंगा और व्यवस्थाओं की समीक्षा करूंगा।” जिलाधिकारी के इस सख्त तेवर से साफ है कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में जल्द ही सुधार देखने को मिल सकता है।

Leave a Comment