*कात्यायनी शक्तिपीठ में मां के दर्शन को पहुंचे हजारों श्रद्धालु*
*- 51 शक्तिपीठों में शुमार कात्यायनी मंदिर में लगा आस्था का मेला*
*- योगी सरकार की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी*
*मथुरा-वृंदावन, 11 अक्टूबर।* ब्रज में शारदीय नवरात्र का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्ति-भाव के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्र के पहले दिन घट स्थापना के साथ ही मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना शुरू हो गई है। वृंदावन के प्रसिद्ध मां कात्यायनी देवी मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
*51 शक्तिपीठों में शुमार कात्यायनी मंदिर में गूंजे जयकारे*
मां कात्यायनी का यह पावन मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यहां माता सती के केश गिरे थे। द्वापर युग में ब्रज की गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण को पति रूप में पाने के लिए यहीं मां कात्यायनी की कठोर पूजा की थी। आज भी युवतियां मनचाहा जीवनसाथी पाने की कामना के साथ यहां दर्शन के लिए आती हैं। आकर्षक ढंग से सजे मंदिर परिसर में स्थानीय और दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने माता के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की प्रार्थना की। मां के जयकारों से पूरा परिसर देर रात तक गुंजायमान रहा।
*श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए योगी सरकार के पुख्ता इंतजाम*
इस बार नवरात्र मेले को लेकर योगी सरकार ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सुगम दर्शन हेतु अलग कतारों की व्यवस्था है। इसके अलावा, जगह- जगह स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और निर्बाध बिजली-सफाई की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
*नवरात्र में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान*
सुरक्षित और सुगम व्यवस्थाओं के चलते इस शारदीय नवरात्र में मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं के आंकड़ों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। पर्यटन और प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, नवरात्र के इन नौ दिनों में कात्यायनी पीठ समेत ब्रज के अन्य प्रमुख मंदिरों में लगभग 8 से 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। पहले ही दिन करीब 30 से 40 हजार भक्तों ने मां कात्यायनी के दर्शन किए। आस्था और बेहतरीन प्रशासनिक व्यवस्था का यह संगम इस बार के नवरात्र को भक्तों के लिए बेहद खास बना रहा है।














