*कांग्रेस में डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ की एंट्री से सियासी हलचल,आगरा में हुआ जोरदार स्वागत डॉ. राहुल राज का स्वागत करते कार्यकर्ता*
आगरा। शहर के शिक्षाविद्, पर्यावरणविद् एवं समाजसेवी डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद आगरा में उनके स्वागत समारोह और पहली प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर-14, सिकंदरा स्थित राज रॉयल गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में शहर और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने गत 24 अगस्त को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश कार्यालय में औपचारिक रूप से कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। आगरा पहुंचने के बाद आयोजित उनके पहले सार्वजनिक कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय एवं प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मार्गदर्शन के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की युवाओं, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी सोच से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ाने, शिक्षा को मजबूत बनाने, रोजगार के अवसरों को लेकर आवाज उठाने तथा सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने की कांग्रेस की विचारधारा से वे प्रभावित हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने पार्टी के माध्यम से जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया है। डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ के आगरा आगमन पर आयोजित स्वागत समारोह में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह और जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षाविद् और समाजसेवी के रूप में डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ की पहचान का लाभ संगठन को मिलेगा। उनके पार्टी में आने से विशेष रूप से युवाओं, शिक्षकों, स्नातकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के बीच कांग्रेस की पहुंच मजबूत होने की उम्मीद है। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने की आवश्यकता है और डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ का सक्रिय जुड़ाव इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी के रूप में चर्चा में रहे डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजनीतिक हलकों में भी नई चर्चा शुरू हो गई है।आगरा सहित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 12 जिलों में उनके सक्रिय जुड़ाव से पार्टी संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा। विशेष रूप से शिक्षा जगत और युवा वर्ग के बीच उनकी सक्रियता से संगठन की पकड़ मजबूत करने में मदद मिल सकती है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ के अनुभव और सामाजिक कार्यों का लाभ पार्टी को जमीनी स्तर पर मिलेगा तथा आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण, युवाओं की समस्याएं और जनहित के सवाल उनकी प्राथमिकताओं में रहेंगे। इन मुद्दों को लेकर वे जनता के बीच सक्रिय रूप से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और युवाओं को आगे बढ़ाने की सोच को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी प्रत्याशी स्नातक रणवीर शर्मा, महेंद्र रावत, विनोद बंसल, सुमित विभव, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव एडवोकेट मुकेश कुमार सिंह, रॉकी, सचिन यादव, सतीश और ताहिर सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेश कुलश्रेष्ठ और हरेन्द्र नरवर ने किया। इस अवसर पर शहर के शिक्षाविद् अंकित बिंदल, सोनिया, वीरेंद्र सिंघल, नीलम शर्मा, पंकज शर्मा, प्रतीक सिंह, फिरोज खान, नरेंद्र सोनी, ललितेश, मनीष पुजारी, अतुल कुलश्रेष्ठ, कुलश्रेष्ठ युवा शाखा के अध्यक्ष संजीव कुलश्रेष्ठ, शशि कुलश्रेष्ठ, नितिन जोहरी, आर.पी. सक्सेना, कुलदीप पाठक सहित शहर के कई वरिष्ठ समाजसेवी उपस्थित रहे।
डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ के कांग्रेस में शामिल होने को पार्टी संगठन विस्तार की दिशा में अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के पार्टी से जुड़ने से संगठन को नई ताकत मिलेगी। आगरा में हुए स्वागत समारोह के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक विस्तार के लिए नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।













