*कल जिले के सभी 1644 बूथों पर लगेगा विशेष कैंप, नए मतदाता जुड़ेंगे*
*जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने पात्र युवाओं से नाम दर्ज कराने की अपील की*
एटा, 23 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण-2026 के तहत शनिवार, 24 अक्टूबर को जिले के सभी 1644 बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने बताया कि कैंप का उद्देश्य पात्र नागरिकों, विशेषकर नए मतदाताओं, का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना और निर्वाचक नामावली को अद्यतन करना है।
कैंप में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे। नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा विवरण में संशोधन के लिए निर्धारित फॉर्म उपलब्ध रहेंगे। अभियान के संचालन के लिए 165 बीएलओ सुपरवाइजर, चार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 19 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी लगाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपील की है कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे पात्र युवा और अन्य नागरिक अपने से संबंधित बूथों पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें। मतदाता https://voters.eci.gov.in/ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। निर्वाचन संबंधी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल सेंटर के नंबर 05742-233312 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करने तथा संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆
















