अवैध ई-कचरा उतारने की खबर बनाना पत्रकार को पड़ा भारी, बस चालक व साथी पर मारपीट और सामान छीनने का आरोप
मुरादाबाद। थाना कटघर क्षेत्र में अवैध रूप से ई-कचरा उतारे जाने की खबर करना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। आरोप है कि मौके पर खबर बनाने पहुंचे पत्रकार दिलशाद के साथ बस चालक और उसके साथी ने मारपीट की और उसका सामान छीन लिया।
बताया जा रहा है कि कटघर थाना क्षेत्र में एक बस से कथित तौर पर अवैध रूप से ई-कचरा उतारा जा रहा था। इसी दौरान पत्रकार दिलशाद मौके पर पहुंचे और मामले की कवरेज करने लगे। आरोप है कि खबर बनाने से नाराज बस चालक और उसके साथी ने पत्रकार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट के दौरान उसका सामान भी छीन लिया। घटना के बाद पत्रकार ने मामले की सूचना पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद पत्रकारों में भी रोष है। पत्रकार संगठनों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।















