गौरव नगर नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन, डाला सुपर टीम बनी विजेता

रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)

चोपन/सोनभद्र। गौरव नगर चोपन के युवाओं द्वारा आयोजित आठ दिवसीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार की रात बेहद रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल मैच में डाला सुपर टीम और गौरव नगर महादेव टीम आमने-सामने थीं। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः डाला सुपर टीम ने जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।फाइनल मुकाबले में महादेव टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी डाला सुपर टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 6 विकेट खोकर 37 रन बनाए और महादेव टीम के सामने 38 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महादेव टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन डाला सुपर टीम के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट चटकाए। महादेव टीम 11 ओवर में 35 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और डाला सुपर टीम ने 2 रनों से रोमांचक जीत हासिल कर ली। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत चोपन के अध्यक्ष उस्मान अली उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता डाला सुपर टीम एवं उपविजेता महादेव टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश देते हैं। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। कमेंट्री अरवाज खान ने किया। इस अवसर पर सभासद सलीम कुरैशी, भाजपा नेता सत्यप्रकाश तिवारी, मोना सर, जानू, अयान, कृषु, मेराज, वारिस, राज, किट्टू, सैफ, सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। फाइनल मुकाबले के रोमांचक प्रदर्शन के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ियों को उपस्थित लोगों ने बधाई दी तथा विजेता और उपविजेता टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment