युवाओं, किसानों एवं श्रमिकों के कल्याण हेतु योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए : डीएम, रिपोर्ट अनिल सोलंकी

*सीएम डैशबोर्ड से जुड़े विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : जिलाधिकारी*

*सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में ऋण वितरण, सौर ऊर्जा एवं कृषि नवाचार को गति देने के निर्देश*

*युवाओं, किसानों एवं श्रमिकों के कल्याण हेतु योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए : डीएम*

जिलाधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विभिन्न विभागों की प्रगति एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं से संबंधित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।

सर्वप्रथम मुख्यमंत्री युवा उद्यमी/स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग एवं जिला अग्रणी प्रबंधक को संयुक्त रूप से सभी बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक ऋण वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की एक महत्वाकांक्षी एवं रोजगारपरक योजना है, जिसका लाभ अधिकाधिक युवाओं तक पहुंचाया जाए।

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूर्व की भांति व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर आवश्यकतानुसार सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित कराने के भी निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा मिल सके।

उद्यान एवं कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रगतिशील किसानों को प्रेरित कर विभागीय योजनाओं से अधिकाधिक किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में नवाचार आधारित खेती कर रहे किसानों के खेतों का भ्रमण अन्य किसानों को कराया जाए, जिससे कृषि में नई तकनीकों एवं उन्नत पद्धतियों को बढ़ावा मिल सके। कृषि विभाग को भी अपने लाभार्थीपरक कार्यक्रमों एवं योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा संचालित श्रमिक हितैषी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा श्रमिक वर्ग के बीच योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं एवं बाधाओं के संबंध में समय-समय पर प्रशासन को अवगत कराया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, सीएमओ डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद , अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, जिला पंचायत राज अधिकारी राजकुमार मौर्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे !

Leave a Comment