आगरा किले में गूंजी महाराजा सूरजमल की शौर्य गाथा, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*आगरा किले में गूंजी महाराजा सूरजमल की शौर्य गाथा*

 

*- योगी सरकार ने जहांगीर महल में भव्यता के साथ मनाया विजय दिवस*

 

*- महापुरुषों के अद्वितीय शौर्य से नई पीढ़ी को किया जा रहा जागरूक*

 

*आगरा, 12 जून।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार देश के महान शूरवीरों और महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है। इसी कड़ी में मुगलों को धूल चटाकर आगरा किले पर विजय पताका फहराने वाले भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल की वीरता को भव्य रूप से याद किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आगरा किले के ऐतिहासिक जहांगीर महल में पर्यटन विभाग द्वारा महाराजा सूरजमल जी का ‘विजय दिवस’ बेहद धूमधाम से मनाया गया, जिसमें उनकी शौर्य गाथाओं की गूंज सुनाई दी।

 

*महान नायकों के शौर्य, पराक्रम की गाथाएं युवाओं तक पहुंचें*

इस ऐतिहासिक विजय दिवस कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ महाराजा सूरजमल जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस खास मौके पर महाराजा सूरजमल जी के वंशज नेम सिंह फौजदार ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य यह है कि हमारे महान नायकों के शौर्य, पराक्रम और उनके बलिदान की गाथाएं आज के युवाओं तक पहुंचें, जिससे वे अपनी गौरवशाली जड़ों और इतिहास पर गर्व कर सकें। जहांगीर महल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारतीय संस्कृति को जीवंत कर दिया।

 

*साहस और सुशासन के प्रेरणास्रोत हैं महाराजा सूरजमल*

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने शूरवीर सूरजमल के आदर्शों को याद किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा सूरजमल जी का जीवन साहस, सुशासन और सामाजिक समरसता का एक बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है। मुगलों के खिलाफ उनका पराक्रम, राष्ट्रसेवा और समाजहित के लिए दिया गया उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

 

*अद्वितीय शौर्य और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक*

विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने भी इस मौके पर महापुरुषों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महाराज सूरजमल का अद्वितीय शौर्य और उनकी राष्ट्रभक्ति हम सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देशानुसार आयोजित इस विजय दिवस कार्यक्रम के जरिए भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं वीरता की गौरवशाली परम्पराओं को बहुत ही जीवंत रूप से प्रदर्शित किया गया है।

 

इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, पुरुषोत्तम फौजदार, मोहन सिंह सोलंकी और कुंवर शैलराज सिंह सहित कई प्रमुख गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment