नौतपा को छोड़ो,कल गिरेंगे ओले, 23 जिलों में बरसेंगे बदरा,बांदा-आगरा में आसमान से बरसेगी आग, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*नौतपा को छोड़ो,कल गिरेंगे ओले, 23 जिलों में बरसेंगे बदरा,बांदा-आगरा में आसमान से बरसेगी आग*

 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में नौतपा के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है।भीषण गर्मी और चल रही लू बीच एक बार फिर से बारिश और ओले का अलर्ट जारी किया गया है।यूपी में दो दिन भारी बारिश के आसार हैं,ऐसे में अब यूपी को नौतपा में गर्मी से राहत मिलने जा रही है।मौसम नौतपा के असर को बेहअसर कर सकता है। 23 जिलों में आंधी तूफान के चलने की संभावना जताई गई है,लेकिन बांदा,आगरा,जालौन, हमीरपुर,महोबा और झांसी में आसमान से आग बरसेगी।

 

*नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी के कई जिलों में बदल सकता है मौसम*

 

मौसम विभाग के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदल सकता है।आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।पश्चिमी यूपी के लगभग 23 जिलों में ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।अनुमान है कि तेज हवाओं और बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

 

*जानें कल यूपी में कैसा रहेगा मौसम*

 

मौसम विभाग के मुताबिक 28 और 29 मई को यूपी के कई जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।वहीं फिलहाल गर्मी का प्रकोप जारी है। बुधवार के लिए बांदा,आगरा,जालौन,हमीरपुर,महोबा और झांसी में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।मथुरा,हाथरस और फिरोजाबाद में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

 

*लखनऊ में नौतपा का दिख रहा असर*

 

सूबे की राजधानी लखनऊ में भी नौतपा का असर साफ दिखाई दे रहा है।सुबह से ही तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है।हालात ऐसे हैं कि सुबह में ही दोपहर जैसी गर्मी महसूस हो रही है,बाहर निकलने वाले लोग गमछा और रुमाल से चेहरा ढककर निकल रहे हैं,महिलाएं धूप से बचने के लिए छाते का सहारा ले रही हैं।तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।मौसम विभाग ने एक्सेसिव हीट का अलर्ट जारी किया है,हालांकि शुक्रवार तक मौसम में बदलाव और कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

 

*जानें मौसम वैज्ञानिक ने क्या बताया*

 

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि आज बांदा और प्रयागराज क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाकी क्षेत्रों में आज और कल ऑरेंज अलर्ट रहेगा।खासकर दक्षिणी क्षेत्र में। दानिश ने बताया कि कल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है,जिसके चलते कल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं छुटपुट बारिश होने की संभावना है,परसों यह सिस्टम और ज्यादा मजबूत हो जाएगा, जिसके कारण तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है।कल पश्चिमी यूपी में और परसों पूर्वी यूपी में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।

 

आईएमडी के मुताबिक गुरुवार शाम से आने वाले तीन-चार दिनों तक बारिश की संभावना बनी रहेगी,जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

Leave a Comment