*👉 राधानगर में गांजा माफिया ‘मिश्रा’ का जलवा, खाकी और पत्रकार के गठजोड़ से फल-फूल रहा अवैध धंधा*
*( कुलदीप सिंह )*
*✍️ फतेहपुर।* जनपद के राधानगर क्षेत्र के खुशवक्तराय नगर में अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इलाके में पैर पसार चुके गांजा माफिया ‘मिश्रा’ का जलवा इस कदर बरकरार है कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन बेबस नजर आ रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इस गोरखधंधे को कोई और नहीं, बल्कि मिश्रा और उसकी पत्नी (मिश्राइन) दोनों मिलकर संयुक्त रूप से अंजाम दे रहे हैं, जो मिलकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।
*गुमटी की आड़ में सुबह से रात तक सजती है महफिल* खुशवक्तराय नगर इलाके में नहर की पुलिया के ठीक बगल में इस गांजा माफिया ने अपना आशियाना बना रखा है। इसी ठिकाने के बाहर एक छोटी सी गुमटी रखी गई है, जो कहने को तो आम दुकान है, लेकिन इसकी आड़ में सुबह की पहली किरण से लेकर देर रात तक धड़ल्ले से गांजे की पुड़िया बेची जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहाँ दिनभर असमाजिक तत्वों और नवयुवकों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका है।
*खाकी और तथाकथित पत्रकार की ‘छतरी’* इस पूरे जरायमपेशा के बेखौफ चलने के पीछे एक बड़ा और चौंकाने वाला गठजोड़ सामने आया है। चर्चा है कि इस अवैध धंधे को सुचारू रूप से चलाने में एक तथाकथित पत्रकार अहम भूमिका निभा रहा है, जो कानून और कार्रवाई की आड़ बनकर खड़ा रहता है। इतना ही नहीं, राधानगर थाने के ही एक खाकीधारी (पुलिसकर्मी) का इस माफिया को खुला संरक्षण प्राप्त है। यही वजह है कि आए दिन शिकायतों के बावजूद इस ठिकाने पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
*आखिर क्यों जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं?*
*इस सिंडिकेट का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र के युवाओं की जिंदगी को बर्बाद होने से बचाया जा सके।*









