भक्ति श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के मध्य भव्य सत्संग एवं कीर्तन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने लगाऐ गुरु महिमा के जयकारे
————————————–
एटा। शहर के मोहल्ला लालपुर स्थित जेल रोड पर रविवार को चन्द्रास्वामी स्कूल (अगापे) परिसर में आयोजित भव्य सत्संग एवं कीर्तन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साध-संगत एवं श्रद्धालु पहुंचे और सत्संग का लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा गुरु महिमा के जयकारों से परिसर गूंजता रहा।कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वंदना एवं भजनों के साथ हुई, जिसके बाद दास राजकुमार सिंह बाबा ने अपने प्रवचनों एवं कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सत्संग ही मनुष्य को सच्चे मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। सत्संग से मन को शांति मिलती है तथा व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं।कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए और देर तक भजनों पर झूमते रहे। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंच की विशेष सजावट एवं धार्मिक वातावरण ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम आयोजक राकेश गांधी ने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की आवश्यकता है, जो सत्संग एवं कीर्तन से प्राप्त होती है। उन्होंने सभी साध-संगत, क्षेत्रवासियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।









