सदर अस्पताल के बाथरूम में अविवाहित युवती ने दिया बच्चे को जन्म, मची अफरा-तफरी
अमित अग्रवाल गिरिडीह
गिरिडीह : गिरिडीह जिले के सदर अस्पताल परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक अविवाहित युवती ने अस्पताल के बाथरूम में बच्चे को जन्म दे दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जाता है कि युवती अचानक प्रसव पीड़ा से परेशान होकर अस्पताल के बाथरूम में चली गई, जहां उसने नवजात को जन्म दिया। घटना की सूचना तत्काल नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए स्थिति को संभाला।
प्राथमिक जांच और चिकित्सकीय देखभाल के बाद मां और नवजात को बेहतर इलाज के लिए चैताडीह स्थित अस्पताल भेज दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार मां और बच्चे दोनों की हालत सामान्य है।
इधर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। युवती की पहचान और उसके परिजनों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। घटना को लेकर अस्पताल परिसर में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।








