मौसम का दोहरा हमला:बौछारों से भिगेगी पश्चिमी यूपी,पूर्वी इलाकों में भीषण लू का रेड अलर्ट

*मौसम का दोहरा हमला:बौछारों से भिगेगी पश्चिमी यूपी,पूर्वी इलाकों में भीषण लू का रेड अलर्ट*

 

*संपादक-स्वराज सवेरा✍️*

 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में मौसम का दोहरा हमला होने वाला है। भीषण गर्मी और लू के बीच यूपी के एक हिस्से को बारिश से राहत मिलने वाली है।मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने अलर्ट जारी किया है कि पश्चिमी यूपी में 23 और 24 मई को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है,इससे बड़े इलाके को राहत मिलेगी।दूसरी तरफ पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क ही रहेगा और धूल भरी हवाएं चलेंगी।अगले तीन दिनों के लिए रेड वार्निंग और उसके बाद के दिनों के लिए ऑरेंज वार्निंग जारी किया गया है।

 

*आईएमडी का अलर्ट*

 

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में इस समय कोई भी सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है,जिसके कारण मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ है।साफ आसमान से विकिरणीय उष्मन बढ़ गया है।इसके साथ ही मध्य भारत के ऊपर मध्य क्षोभमंडल में एक प्रति-चक्रवात बना हुआ है,जिससे गर्म हवाएं नीचे की ओर बैठ रही हैं।रही-सही कसर यूपी के दक्षिणी हिस्से में आने वाली गर्म और शुष्क पछुआ हवाओं ने पूरी कर दी है,जिससे संवेदी ऊष्मा में भारी बढ़ोतरी हुई है।मौसम विभाग ने साफ किया है कि आगामी एक सप्ताह तक राज्य में उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर चलने की प्रबल आशंका है,इसके साथ ही दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं,इसमें खासकर पूर्वी जिले शामिल हैं।

 

*भीषण लू वाले इलाके*

 

बांदा,चित्रकूट,कौशाम्बी,प्रयागराज और फतेहपुर में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर रहने वाली है।प्रतापगढ़,सोनभद्र,मिर्जापुर, चंदौली,वाराणसी,संत रविदास नगर,जौनपुर,आगरा, फिरोजाबाद,जालौन,हमीरपुर,महोबा,झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में भीषण लू का प्रकोप रहेगा।

 

*इन जिलों में गर्म रातें*

 

फर्रुखाबाद,कन्नौज,कानपुर देहात,कासगंज,एटा,आगरा, फिरोजाबाद,मैनपुरी,इटावा,औरैया,जालौन,हमीरपुर,महोबा, झांसी और ललितपुर सहित कई जिलों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक रहेगा,जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

 

*पश्चिमी यूपी में आंधी और बारिश का अनुमान*

 

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक इस भीषण गर्मी के बीच पंजाब से लेकर दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान तक एक ट्रफ लाइन (द्रोणी) बनी हुई है,इसके प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में आंशिक बारिश हो सकती है।इसके असर से सहारनपुर,शामली,मुजफ्फरनगर,बागपत,मेरठ,गाजियाबाद, हापुड़,गौतम बुद्ध नगर,बुलंदशहर,अलीगढ़,मथुरा,हाथरस, कासगंज,एटा,आगरा,फिरोजाबाद,मैनपुरी,इटावा,औरैया, बिजनौर,अमरोहा,मुरादाबाद,रामपुर और संभल के आसपास के इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है।

 

*चलेंगी तेज हवाएं*

 

इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज धूल भरी और झोंकेदार हवाएं चलने और छिटपुट बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

 

*जारी किया अलर्ट*

 

मौसम विभाग ने इस भीषण मौसम को देखते हुए विशेष रूप से मजदूरों,किसानों और धूप में काम करने वाले लोगों को अलर्ट जारी किया है।अत्यधिक गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा सबसे ज्यादा है।

 

*फसलों के लिए सलाह*

 

गन्ना,मक्का,उर्द, मूंग,भिंडी,तरोई,खीरा,तरबूज,खरबूजा, लौकी, टमाटर, बैंगन की फसलों में नमी की भारी कमी या पत्तियां सूखने और फूल झड़ने की समस्या हो सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर के बजाय शाम के समय बार-बार हल्की सिंचाई करें और मल्चिंग का उपयोग करें।

 

*आम लोग क्या करें*

 

दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें।हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनें,सिर को हमेशा कपड़े, टोपी या छतरी से ढककर रखें,शरीर में पानी की कमी न होने दें और ओआरएस,लस्सी,छाछ,नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।

 

बता दें कि मौसम विभाग की चेतावनी साफ करती है कि जहां एक तरफ बुंदेलखंड और पूर्वांचल के जिले भीषण लू में झुलसेंगे तो वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी यूपी के लोगों को तेज आंधी और आकाशीय बिजली के खतरे से सावधान रहना होगा।

Leave a Comment