*बढ़ती महंगाई के खिलाफ सपा का हल्ला बोल*
*पेट्रोल-डीजल और महंगाई को लेकर आगरा में सपाइयों ने किया प्रदर्शन, तपती दोपहरी में कलक्ट्रेट पर हैं गामा*
आगरा। देश में लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों के विरोध में आज समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा प्रस्तावित उग्र प्रदर्शन से पहले ही पुलिस प्रशासन ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। सपा के घोषित विरोध प्रदर्शन और पदयात्रा से पहले ही सुबह करीब 10 बजे पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास को छत्ता क्षेत्र स्थित उनके पेट्रोल पंप से जबरन हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। पुलिस प्रशासन ने राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया, ताकि वे प्रदर्शन स्थल तक न पहुँच सकें। उनके घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।महानगर अध्यक्ष की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही आक्रोशित सपा कार्यकर्ता भारी संख्या में सुभाष पार्क और छत्ता थाने पर इकट्ठा होने लगे। वही जिला अध्यक्ष उदल सिंह कुशवाह, ममता टपलू,वरिष्ठ नेता श्याम भोजवानी,अमीर सिंह फौजदार, नितिन कोहली, राहुल चतुर्वेदी,पप्पू यादव, सुरेंद्र चौधरी, बलवेन्द्र जाटव हजारों कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया, सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसके कारण पुलिस और सपाइयों के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और जमकर हंगामा हुआ।समाजवादी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया है कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए पुलिस प्रशासन का सहारा ले रही है। नेताओं ने इस पूरी कार्रवाई को अलोकतांत्रिक और विपक्ष की आवाज को कुचलने का प्रयास बताया है।








