समायोजन सूची में भारी विसंगतियों को लेकर यूटा आगरा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, हेड शिक्षकों को सरप्लस दिखाने पर जताई कड़ी आपत्ति, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*समायोजन सूची में भारी विसंगतियों को लेकर यूटा आगरा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, हेड शिक्षकों को सरप्लस दिखाने पर जताई कड़ी आपत्ति*

 

आगरा। जनपद आगरा में विभाग द्वारा समायोजन हेतु जारी नगर एवं ग्रामीण शिक्षकों की सूची में भारी त्रुटियों एवं विसंगतियों को लेकर यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा), आगरा ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए आज जिलाधिकारी आगरा को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने सूची में तत्काल संशोधन एवं वास्तविक स्थिति के अनुरूप सुधार की मांग की है। यूटा आगरा के जिला अध्यक्ष के.के. शर्मा एवं जिला महामंत्री राजीव वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी महोदय से मुलाकात कर समायोजन सूची में मौजूद गंभीर खामियों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जारी सूची में बड़ी संख्या में हेड शिक्षकों (प्रधानाध्यापकों) को सरप्लस दर्शा दिया गया है। जबकि यह निर्णय विद्यालय संचालन की वास्तविक परिस्थितियों के विपरीत है।

संगठन ने विशेष रूप से नगर क्षेत्र की गंभीर स्थिति को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। बताया गया कि नगर क्षेत्र में लगभग 135 विद्यालय संचालित हैं, जहां अधिकांश विद्यालयों में मात्र एक-एक हेड शिक्षक कार्यरत हैं और सहायक शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। ऐसी स्थिति में यदि हेड शिक्षकों को भी समायोजन के नाम पर हटाया जाता है तो विद्यालय संचालन पूरी तरह प्रभावित होगा तथा विद्यालय बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। यूटा आगरा ने यह भी कहा कि नियमतः समायोजन की प्रक्रिया में कनिष्ठ (जूनियर) शिक्षक को हटाने का प्रावधान होता है, लेकिन वर्तमान सूची में वरिष्ठ हेड शिक्षकों को सरप्लस दिखाकर हटाने की तैयारी की जा रही है, जो न्यायोचित नहीं है और इससे शिक्षा व्यवस्था चरमरा सकती है। प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए ज्ञापन पर जिलाधिकारी आगरा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आगरा को कार्रवाई हेतु ज्ञापन अग्रसारित (मार्क) कर दिया, जिससे शिक्षकों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।

ज्ञापन देने वालों में एत्मादपुर ब्लॉक अध्यक्ष निधि वर्मा, सैयां ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति माहेश्वरी, नगर अध्यक्ष निधि श्रीवास्तव, नगर महामंत्री मो.आसिफ कुरेशी, नगर उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, संयुक्त मंत्री कीर्ति दुबे, संगठन मंत्री राजवीर सिंह,नगर उपाध्यक्ष सुमा कुमारी, हेमलता नागर सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा), आगरा ने मांग की है कि समायोजन सूची का पुनः परीक्षण कर वास्तविक शिक्षक स्थिति के आधार पर संशोधन किया जाए, जिससे विद्यालयों की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित न हो और बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सके।

Leave a Comment