*खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु पद्म पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित* 
*एटा 13 मई 2026(सू0वि0)।* उप क्रीड़ाधिकारी पूजा भट्ट ने अवगत कराया है कि आगामी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, 2027 के अवसर पर भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष की भांति पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अन्य योग्य व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि रखने वाले व्यक्ति पं. गोविंद बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम, जीटी रोड, एटा स्थित जिला खेल कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस में निर्धारित आवेदन प्रपत्र एवं दिशा-निर्देश प्राप्त कर सकते हैं। आवेदकों को अपने खेल संबंधी व्यक्तित्व एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण तीन प्रतियों में तैयार कर जिला खेल कार्यालय, एटा में दिनांक 10 जून, 2026 तक जमा करना होगा।
उप क्रीड़ाधिकारी ने पात्र व्यक्तियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि उनके उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा सके।






