*जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जलेसर के छात्र ने जीते दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल*

*तुर्रम सिंह राजपूत✍️*
जलेसर/एटा, 12 मई।
श्रीनिवास अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जलेसर के छात्र भैय्या सागर कुमार ने जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कक्षा 9 के छात्र भैय्या सागर कुमार ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक एवं एक रजत पदक प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध जलेसर बाल कल्याण समिति द्वारा आयोजित जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में भैय्या सागर कुमार ने सब जूनियर आर्टिस्टिक पेयर वर्ग में गोल्ड मेडल, सब जूनियर रिदमिक पेयर वर्ग में गोल्ड मेडल तथा आर्टिस्टिक सिंगल वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ संतोष जी, योग शिक्षक अनिल कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गिरराज सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक गिरीश कुमार ने विजेता छात्र को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर योग शिक्षक अनिल कुमार ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम माध्यम है। प्रधानाचार्य डॉ. गिरराज सिंह ने छात्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और गुरुओं के मार्गदर्शन से विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने भैय्या सागर कुमार की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।






